Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भिलौनी में अवैध रेत खनन चरम पर, सूचना देने के लिए खनिज विभाग, तहसीलदार और एसडीएम ने नहीं उठाया फोन

 


मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम भिलौनी स्थित शिवनाथ नदी से अवैध रेत खनन एवं परिवहन का कारोबार भारी जोर-शोर से जारी है। जानकारी के अनुसार भिलौनी रेत घाट से प्रतिवर्ष लाखों रुपए मूल्य की रेत अवैध रूप से निकाली जाती है और शासन को भारी राजस्व हानि पहुंचाई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक भिलौनी रेत घाट से प्रतिदिन लगभग 50 से 60 ट्रैक्टर रेत का परिवहन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रति ट्रिप के हिसाब से अवैध वसूली भी की जा रही है, जिससे रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई नया सरपंच या प्रतिनिधि बनता है, तो उसकी पहली नजर शिवनाथ नदी के रेत घाट पर होती है, जिसे अवैध कमाई का जरिया बना लिया जाता है।

इस पूरे मामले को लेकर जब खनिज अधिकारी को कॉल किया गया तो फोन रिसीव नहीं किया गया। वहीं पचपेड़ी तहसीलदार को कॉल किया गया, लेकिन उनका भी फोन नहीं उठा। इसके अलावा मस्तूरी एसडीएम को भी फोन किया गया, परंतु वहां से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

एक साथ जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा फोन रिसीव न किए जाने से क्षेत्र में कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर ऐसी क्या वजह है कि अवैध रेत खनन की गंभीर सूचना के बावजूद संबंधित अधिकारी फोन उठाने से बचते नजर आ रहे हैं?

वहीं इस संबंध में जब बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल को अवैध रेत खनन की जानकारी दी गई, तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को देकर उचित कार्यवाही के निर्देश दिए जाएंगे।

अब देखने वाली बात यह होगी कि शिवनाथ नदी से हो रहे इस खुलेआम अवैध रेत खनन पर प्रशासन कब और कैसी ठोस कार्यवाही करता है।

Post a Comment

0 Comments