Hot Posts

6/recent/ticker-posts

पाराघाट में राशि स्टील एंड पावर प्लांट पर प्रदूषण के गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग



पाराघाट/जयरामनगर, तहसील मस्तूरी (जिला बिलासपुर):

राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड पाराघाट स्थित प्लांट पर वायु एवं जल प्रदूषण फैलाने तथा पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। पाराघाट सहित आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाला दूषित धुआँ, रसायनयुक्त पानी और अपशिष्ट खेत-खलिहानों, पेड़-पौधों व पशुओं को नुकसान पहुँचा रहा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक हानि हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार प्लांट से निकलने वाला खराब पानी बिना शोधन के सीधे लीलागर नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का पानी पीने और नहाने योग्य नहीं रह गया है। इसके कारण आसपास के गांवों में जल संकट व बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि प्रदूषण के कारण फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा है और जमीन की उर्वरता घट रही है, लेकिन प्लांट प्रबंधन द्वारा कोई मुआवजा नहीं दिया गया।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्लांट के चारों ओर जाली तार व घेराबंदी कर मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया गया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। भारी ट्रेलरों की आवाजाही से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पशुपालकों का कहना है कि प्रदूषित धुएँ के कारण पशु भी बीमार हो रहे हैं, जबकि पशु संरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, प्रदूषण रोकने के उपाय करने तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments