Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बिलासपुर रेलवे स्टेशन में मोबाइल चोर गिरोह का आरोपी गिरफ्तार



बिलासपुर (छत्तीसगढ़), 27 मार्च 2026

तोरवा पुलिस एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त कार्यवाही में बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आनंद कुमार सलाम ने दिनांक 25 मार्च 2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बिलासपुर रेलवे स्टेशन में अपना मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट पर लगाकर गया था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल चोरी कर लिया गया।

मामले में अपराध क्रमांक 171/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। तोरवा पुलिस एवं आरपीएफ टीम द्वारा स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मनोहर उर्फ कछुवा उर्फ छोटू विश्वकर्मा (31 वर्ष), निवासी चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर बताया। आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन (वनप्लस एवं वीआई कंपनी) बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को दिनांक 26 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है तथा अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments