Hot Posts

6/recent/ticker-posts

13 लाख की लागत से बन रहे आंगनबाड़ी भवन में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई



मस्तुरी जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत बहतरा में 13 लाख रुपये की लागत से बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने पंचायत सरपंच श्रीमती सरिता राकेश पटेल एवं उनके पति पर शासन की राशि के दुरुपयोग और गुणवत्ताहीन निर्माण कराने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य मनरेगा योजना के तहत कराया जा रहा है, लेकिन मजदूरी करने वाले वास्तविक श्रमिकों के बजाय सरपंच पति द्वारा अपने परिवार और रिश्तेदारों के नाम पर फर्जी मजदूरी चढ़ाकर शासन की राशि का आहरण किया गया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के सीईओ, एसडीओ एवं मनरेगा विस्तार अधिकारी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन भवन की नींव और बीम में गुणवत्ता का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। भवन में डाली गई बीम में दरारें पड़ चुकी हैं तथा बिना मापदंड और तकनीकी गुणवत्ता के निर्माण कार्य किया जा रहा है। नींव में लगाए गए कॉलमों को जोड़-जोड़कर तैयार किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव भी सरपंच पति के रिश्तेदार हैं, जिसके कारण अपनी ऊंची पहुंच का फायदा उठाकर नियमों की अनदेखी की जा रही है। कई बार ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने की मांग की गई, लेकिन सरपंच पति द्वारा मनमानी करते हुए कार्य जारी रखा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के बावजूद सरपंच गांव में कम दिखाई देते हैं और निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत में पहले भी कई विकास कार्यों में लापरवाही और शासन की राशि के बंदरबांट की शिकायतें सामने आती रही हैं।

आंगनबाड़ी निर्माण में हो रही कथित धांधली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। अब सभी की नजर शासन और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि मामले में जांच कर दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

0 Comments