मस्तूरी। थाना मस्तूरी पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 5 जून 2026 को थाना मस्तूरी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम खोरसी निवासी खिलावन सोनी से उसका पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया था। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसके माता-पिता और अन्य परिजन मजदूरी के लिए घर से बाहर रहते थे, तब आरोपी उसके घर पहुंचकर शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता था। बाद में आरोपी उसे 1 मई 2026 को रायपुर स्थित अपनी बहन के किराये के मकान में भी ले गया था।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 343/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी खिलावन सोनी (33 वर्ष), निवासी ग्राम खोरसी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 6 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।














0 Comments