आवारा मवेशियों को लेकर विवाद में मारपीट, एक की मौत; 7 आरोपी गिरफ्तार
मस्तूरी। ग्राम रलिया में आवारा मवेशियों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम लिमतरा के चार ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और मुक्कों से किए गए कथित प्राणघातक हमले में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। मामले में मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
फसल बचाने के लिए मवेशियों को सड़क किनारे छोड़ा
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की शाम ग्राम लिमतरा के ग्रामीण अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीण भगाते हुए ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क के किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे रलिया भारतमाला रोड स्थित पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि मवेशियों को रलिया की ओर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपियों ने लाठी-डंडे तथा हाथ-मुक्कों से ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत
हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीण घायल हुए। वहीं मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आने के कारण तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
7 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने घटना में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे एवं अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. गजानंद पटेल, पिता कलेश्वर पटेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी रलिया।
2. अजय चंद्राकर, पिता रूपचंद चंद्राकर, उम्र 28 वर्ष, निवासी रलिया।
3. अश्विनी पटेल, पिता रामेश्वर प्रसाद पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी रलिया।
4. आलोक सिदार, पिता नंद कुमार सिदार, उम्र 18 वर्ष, निवासी रलिया।
5. कोमल चंद्राकर, पिता शिव प्रसाद चंद्राकर, उम्र 22 वर्ष, निवासी रलिया।
6. लोमस चंद्राकर, पिता शिव प्रसाद चंद्राकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी रलिया।
7. घनश्याम चौहान उर्फ गोलू, पिता घनप्रसाद चौहान, उम्र 29 वर्ष, निवासी रलिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) एवं 112 BNS के तहत कार्रवाई की है। फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
← वापस होम पेज
लेटेस्ट खबर - टॉप 5
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है
















