नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर यातायात पुलिस की सख्ती, 724 वाहन चालकों पर कार्रवाई
7.24 लाख रुपये का चालान शुल्क जारी, नंबर प्लेट छिपाने वालों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
बिलासपुर, 20 सितंबर 2026। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। विशेष रूप से नंबर प्लेट को छिपाकर या उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और यातायात प्वाइंट पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक नंबर प्लेट को कागज, टेप, मैग्नेट, स्टीकर, पेंट, कपड़ा, पॉलीथिन आदि से ढकने या नंबर प्लेट को मोड़कर नंबर छिपाने का प्रयास करते हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
724 वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस बिलासपुर के अनुसार, अब तक 724 वाहन चालकों के खिलाफ नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करने अथवा नंबर प्लेट को छिपाकर वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में कुल 7 लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क जारी किया गया है। पुलिस के मुताबिक कुछ मामलों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि कुछ प्रकरणों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए।
यातायात पुलिस ने सभी यातायात टीमों और विभिन्न प्वाइंट पर तैनात जवानों को नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बिना नंबर प्लेट अथवा छिपी हुई नंबर प्लेट वाले वाहनों की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित पुलिस बल को देने की व्यवस्था भी की गई है।
बिना हेलमेट और मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों के पालन के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों को लगातार समझाइश भी दी जा रही है।
पुलिस की वाहन चालकों से अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर स्पष्ट और नियमानुसार नंबर प्लेट लगाएं। नंबर प्लेट को किसी भी माध्यम से छिपाने या उसमें छेड़छाड़ करने से बचें। वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस के मुताबिक नंबर प्लेट को छिपाने की गतिविधि से जांच के दौरान वाहन संदिग्ध प्रतीत हो सकता है। इसलिए वाहन चालक नंबर प्लेट को स्पष्ट रखते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार ही वाहन चलाएं।
← वापस होम पेज
लेटेस्ट खबर - टॉप 5
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है


















