मुकुंदपुर स्कूल में छात्रों के डीजे पर डांस का वीडियो सामने आया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक से मांगा स्पष्टीकरण
मस्तूरी/बिलासपुर। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला मुकुंदपुर में स्कूल समय के दौरान विद्यार्थियों द्वारा डीजे पर डांस किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मस्तूरी द्वारा स्कूल के प्रधान पाठक को पत्र जारी कर दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि 23 सितंबर 2026 को प्राप्त वीडियो में विद्यालय के छात्रों द्वारा डीजे पर डांस किए जाने की बात सामने आई है। पत्र के अनुसार, स्कूल समय में विद्यार्थियों द्वारा डांस करने से विद्यालय की पढ़ाई बाधित हो रही थी और उसी दौरान विद्यालय में त्रैमासिक परीक्षा भी संचालित हो रही थी।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने पत्र में इसे शासन के निर्देशों के विपरीत बताते हुए प्रधान पाठक के उक्त कृत्य को प्रतिकूल एवं अनुशासनहीनता बताया है।
दो दिन में देना होगा जवाब
पत्र में प्रधान पाठक को निर्देशित किया गया है कि वे 02 दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर शाम 4:30 बजे तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। पत्र में यह भी चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजा जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी संबंधित की होगी।
पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर तथा संबंधित संकुल शैक्षिक समन्वयक, संकुल केंद्र सोन को भी भेजी गई है।
अब देखना होगा कि प्रधान पाठक की ओर से इस मामले में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और शिक्षा विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।
← वापस होम पेज
लेटेस्ट खबर - टॉप 5
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है

















