मौसम के बदले मिजाज ने बढ़ाई चिंता, किसानों को धान सुरक्षित रखने की सलाह -चंद्रप्रकाश सूर्या
मस्तूरी/बिलासपुर। प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज और बेमौसम भारी बारिश की आशंका को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सूर्या ने किसानों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए धान की कटाई और फसल के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दें, ताकि महीनों की मेहनत से तैयार फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसान दिन-रात मेहनत कर खेतों में फसल तैयार करते हैं। ऐसे में बेमौसम बारिश के कारण तैयार फसल खराब होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। यह नुकसान केवल उनकी आमदनी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार की उम्मीदों और सालभर की मेहनत को भी प्रभावित करता है।
तैयार धान की कटाई और सुरक्षित भंडारण पर दें ध्यान
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि जिन खेतों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, वे मौसम के पूर्वानुमान और खेतों की स्थिति को ध्यान में रखकर कटाई का निर्णय लें। वहीं, जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, वे कटी हुई फसल को खुले में न छोड़ें। धान को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखें और अच्छी गुणवत्ता वाले तिरपाल से ढककर बारिश के पानी से बचाने की व्यवस्था करें।
धान में नमी बढ़ने से गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका
सूर्या ने कहा कि बारिश के पानी से धान भीगने पर उसमें नमी बढ़ सकती है, जिससे उसकी गुणवत्ता, उचित मूल्य और सुरक्षित भंडारण पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है। उन्होंने किसानों को खेतों में जलभराव रोकने के लिए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी। साथ ही दलहन एवं तिलहन की फसलों को संभावित कीट और रोगों से बचाने के लिए कृषि विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेने का आग्रह किया।
फसल को नुकसान होने पर संबंधित विभाग को दें सूचना
चंद्रप्रकाश सूर्या ने किसानों से अपील की कि यदि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचता है, तो तत्काल संबंधित कृषि विभाग, राजस्व अधिकारियों अथवा फसल बीमा कंपनी को इसकी सूचना दें। किसान नुकसान की तस्वीरें और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखें, ताकि नियमानुसार बीमा दावा और अन्य पात्र सहायता प्राप्त करने में सुविधा हो सके।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं कृषि विभाग से भी आग्रह किया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए किसानों को समय पर आवश्यक जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। संभावित फसल नुकसान की स्थिति में प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नियमानुसार पात्र किसानों को राहत उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
किसानों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े हैं — चंद्रप्रकाश सूर्या
सूर्या ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान प्रदेश है और यहां लाखों परिवारों की आजीविका खेती-किसानी पर निर्भर है। ऐसे में किसानों की फसल की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा, “किसान के खेत में लहलहाती फसल केवल धान की बालियां नहीं, बल्कि उसके परिवार के सपने, बच्चों का भविष्य और सालभर की उम्मीदें होती हैं। बेमौसम बारिश से अन्नदाताओं की मेहनत पर पानी न फिरे, इसके लिए सभी किसानों को सजग और सतर्क रहने की आवश्यकता है।”
उन्होंने किसानों से मौसम संबंधी जानकारी पर लगातार नजर रखने और फसल की सुरक्षा के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
← वापस होमपेज
लेटेस्ट खबर - टॉप 5
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है





















