दिनांक लोड हो रहा है...
24 CG NEWS
सच की आवाज़, हर पल आपके साथ
24cgnews.in
BREAKING

*खेलों से मिलती है शारीरिक मजबूती, अनुशासन और करियर की नई राह : राज्यपाल श्री रमेन डेका*

Edited By: Mithilesh Sahu
Updated: 10/07/2026 07:16:00 pm IST | 24CG NEWS



*नवभारत फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन में शामिल हुए राज्यपाल, विजेता और उपविजेता टीमों को किया सम्मानित*


*तमिलनाडु पुलिस ने अखिल भारतीय और सेंट जेवियर्स भरनी ने विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता का खिताब जीता*

बिलासपुर, 7 अक्टूबर 2026/राज्यपाल श्री रमेन डेका नवभारत परिवार द्वारा आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबला देखा और विजेता तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब जीता। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।


राज्यपाल श्री डेका ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करते हैं। नियमित रूप से मैदान में खेलने से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि खेल अब करियर का भी महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।


श्री डेका ने कहा कि फुटबॉल हमें सिखाता है कि लक्ष्य पाने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका निभानी होती है। एक-दूसरे का साथ देना, नियमों का सम्मान करना और अंतिम मिनट तक प्रयास करते रहना ऐसे गुण हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल का आनंद लें, मेहनत करते रहें और हार से सीखकर फिर मैदान में उतरें। आपकी लगन ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है।


राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन्हीं बच्चों में से खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। जिला और राज्य स्तर के मुकाबलों से अनुभव मिलता है, जबकि अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों की टीमों के साथ खेलने से खेल का स्तर बेहतर होता है और आगे की तैयारी की दिशा मिलती है।


नवभारत परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री डेका ने कहा कि वर्ष 1934 से पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले नवभारत ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ खेलों को भी प्रोत्साहित किया है। हॉकी और फुटबॉल की अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल रहा है। ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। समापन समारोह में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित थे।

WhatsApp Share Facebook Share

← वापस होमपेज
लोड हो रहा है...
YouTube @24cgnews28 WhatsApp Website
विज्ञापन
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है
🔴 ताजा / ब्रेकिंग

विज्ञापन के लिए संपर्क करें

24 CG NEWS
छत्तीसगढ़ की ताजा
खबरों के लिए 24CGNEWS
से जुड़े रहें। संपर्क मो. नंबर-: 8720878483
About Us › Contact Us › Privacy Policy › Disclaimer ›
© 2026 24 CG NEWS - खबर छत्तीसगढ़ की | www.24cgnews.in
ईमेल: 24cgnewsindia@gmail.com | U.R.N.:- UDYAM-CG-0001323