तुरतुरिया मोड़ की कंपोजिट शराब दुकान में ओवररेटिंग का आरोप, ग्राहकों से जबरन ₹10 अतिरिक्त वसूली की शिकायत
ग्रामीणों ने सेल्समैन और सुपरवाइजर पर कार्रवाई की उठाई मांग, आबकारी विभाग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग
कसडोल/बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत तुरतुरिया मोड़ के पास संचालित कंपोजिट शराब दुकान में कथित ओवररेटिंग और ग्राहकों से अतिरिक्त राशि वसूली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान में निर्धारित एमआरपी (अधिकतम खुदरा मूल्य) से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है। इतना ही नहीं, ग्राहकों से प्रत्येक बिक्री पर जबरन 10 रुपये अतिरिक्त भी वसूले जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब खरीदने पहुंचने वाले ग्राहकों से निर्धारित कीमत के अलावा अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है। इसको लेकर ग्राहकों में नाराजगी है। सवाल यह उठता है कि जब शराब की बोतल पर निर्धारित एमआरपी अंकित है, तो ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे किस अधिकार से लिए जा रहे हैं?
सेल्समैन और सुपरवाइजर की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने कंपोजिट शराब दुकान में कार्यरत सभी सेल्समैन और सुपरवाइजर की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दुकान में लंबे समय से ओवररेटिंग और अतिरिक्त वसूली हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। आखिर दुकान की निगरानी करने वाले सुपरवाइजर को इस कथित अनियमितता की जानकारी क्यों नहीं है?
आबकारी विभाग से तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला आबकारी अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि तुरतुरिया मोड़ स्थित कंपोजिट शराब दुकान का तत्काल औचक निरीक्षण कराया जाए। दुकान की बिक्री व्यवस्था, बिलिंग रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और निर्धारित मूल्य सूची की जांच की जाए। साथ ही ग्राहकों से भी पूछताछ की जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जांच में ओवररेटिंग और अतिरिक्त वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित सेल्समैन, सुपरवाइजर एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए। केवल औपचारिक जांच नहीं, बल्कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी ग्राहक से निर्धारित एमआरपी से एक रुपया भी अधिक न वसूला जा सके।
ओवररेटिंग होने पर यहां करें शिकायत
छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों से संबंधित शिकायत के लिए आबकारी विभाग का टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14405 जारी है। वहीं विभागीय शिकायत पर सुनवाई नहीं होने की स्थिति में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। ग्राहक शराब की बोतल पर अंकित एमआरपी, भुगतान की रसीद और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शिकायत कर सकते हैं।
अब देखना होगा कि जिला आबकारी विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और तुरतुरिया मोड़ की कंपोजिट शराब दुकान में कथित अतिरिक्त वसूली पर कब तक जांच और कार्रवाई करता है।
← वापस होमपेज
लेटेस्ट खबर - टॉप 5
300 × 250
यहाँ आपका विज्ञापन लगाया जा सकता है










